बालोद, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के डौण्डी लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरामी जंगल में 24 जनवरी को मिली एक अज्ञात महिला की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी ने ही की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी की सुबह एक ग्रामीण लकड़ी लेने जंगल की ओर गया था। इसी दौरान जंगल से दुर्गंध आने पर उसने आसपास देखा तो पत्थरों के नीचे मानव शरीर होने की सूचना मिली। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड की मौजूदगी में जांच की गई, जहां पत्थरों के नीचे एक महिला का शव बरामद हुआ।
पुलिस जांच में पता चला कि 16 जनवरी को एक महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों की मदद से शव की पहचान कमला राजपूत के रूप में की गई। जांच के दौरान कॉल डिटेल के आधार पर तरौद निवासी नेमीचंद साहू को संदेह के घेरे में लिया गया और पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसका मृतिका के साथ प्रेम संबंध था। 16 जनवरी को दोनों मुलाकात के लिए गुरामी जंगल पहुंचे थे। इस दौरान आरोपी ने युवती पर शादी कर साथ रहने का दबाव बनाया, जिसे उसने स्पष्ट रूप से नकार दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपी ने युवती की हत्या कर दी। बाद में उसने शव को जंगल में पत्थरों से ढककर छिपा दिया।
आरोपी वारदात के बाद मृतिका का मोबाइल अपने साथ ले गया और पहचान मिटाने के प्रयास किए। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना से जुड़े अहम सबूत बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
