कोरबा, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने डिंगापुर और रामपुर के बीच स्थित एक बस्ती में छापेमारी कर एक मकान से 3 युवक और 5 युवतियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा है। सभी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उक्त मकान की मालकिन सुरती पटेल पर अपने घर में अवैध गतिविधियां संचालित करने का आरोप है। स्थानीय निवासियों ने लंबे समय से मकान में संदिग्ध आवाजाही को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। मोहल्ले वालों का आरोप है कि विरोध करने पर मकान मालकिन द्वारा गाली-गलौज और धमकी दी जाती थी।
लोगों की शिकायत और बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने शनिवार को दबिश दी। छापेमारी के दौरान मकान में मौजूद युवक-युवतियां भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पकड़े गए लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
