रायपुर, 26 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय समारोह पूरे गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी लेकर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल के ध्वजारोहण के साथ ही देश की एकता, अखंडता और अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। परेड में कुल 17 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष आमंत्रित टुकड़ी भी शामिल रही।

परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पुरुष एवं महिला टुकड़ियां, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना तथा एनसीसी के बालक और बालिका कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पुलिस डॉग स्क्वायड रहा, जिसने अपने कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।
समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। इस मौके पर राज्यपाल ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया।
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और आम नागरिक मौजूद रहे।
