*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* बस्तर संभाग के बीजापुर जिले और तेलंगाना की सीमा पर स्थित नक्सलगढ़ कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान दो अलग-अलग प्रेशर आईईडी विस्फोट में राज्य पुलिस की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के तीन जवान घायल हो गए। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा और बीजापुर जिला पुलिस ने सीआरपीएफ और डीआरजी की टुकड़ियों के साथ मिलकर कर्रेगुट्टा के दुर्गम इलाके को रविवार सुबह से घेरना शुरू किया था। घेराबंदी के दौरान रविवार सुबह लगभग 10 बजे और फिर दोपहर में दो अलग-अलग स्थानों पर प्रेशर आईईडी विस्फोट हुए। तीनों घायल जवान डीआरजी की टुकड़ी से हैं।
बीजापुर के एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
