*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस दौरान दीपक बैज ने कांग्रेसजनों और प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्री बैज ने अपने संबोधन में संविधान और अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार, राज्य सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला।
पीसीसी चीफ श्री बैज ने कहा कि आज का दिन समूचे भारतवासियों के लिए गौरव का दिन है। आज के दिन ही स्वतंत्र भारत का संविधान लागू हुआ था।संविधान लागू कर प्रजातांत्रिक गणराज्य के रूप में भारत ने अपने नागरिकों को समता, न्याय और स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान किया है। लेकिन आज दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि हमारे गौरवशाली संविधान पर लगातार प्रहार किये जा रहे हैं। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और जनता की आवाज को दबाने की कोशिशें हो रही हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार पिछले दो वर्षो में अलोकप्रिय साबित हो चुकी है जो मोदी की गारंटी के नाम पर 2023 के विधानसभा चुनावों में लोक लुभावने वादे कर सत्ता में आई थी। भाजपा ने दो वर्षों में अपने एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। कांग्रेस की सरकार ने 16 लाख 80 हजार किसानों का 6100 करोड़ का कर्जा एकबार में ही माफ किया था, मगर भाजपा सरकार ने किसानों का कर्जा माफ तो नहीं किया, उल्टे किसानों को परेशानियों के दलदल में डालकर आत्महात्या करने पर मजबूर कर दिया है।
कांग्रेस की सरकार ने किसानों का धान 2500 रूपये प्रति क्विंटल की दर पर खरीदा था तथा अंतिम बार धान की खरीदी 2870 रूपये प्रति क्विंटल की दर से की गई थी, परंतु भाजपा सरकार ने धान की अंतिम खरीदी मात्र 2369 रूपए की दर से की है। किसान अपना धान बेचने के लिए चक्कर लगाते-लगाते थक चुके हैं, लेकिन उसका धान न तो समय पर बिक पा रहा है और न ही किसान को उसके धान का सही समय पर सही मूल्य एवं भुगतान मिल पा रहा है। भाजपा की सरकार में लाखों क्विंटल धान सड़ कर बर्बाद हो रहा है तथा करोड़ों रूपये के धान को चूहां द्वारा खा जाने का बेशर्मीपूर्वक दावा किया जा रहा है, राज्य के खजाने एवं किसानों के मेहनत की ऎसी बर्बादी पहले कभी नहीं हुई।
*माता-बहनो को भी ठगा*
दीपक बैज ने कहा कि राज्य की माता-बहनों से भी भाजपा ने छल किया है।भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया था कि राज्य की 1.25 करोड़ विवाहित माहिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत 1000 रूपये महीना दिया जाएगा। मगर हकीकत ये है मात्र आधी माहिलाओं को ही महतारी वंदन की राशि मिल पा रही है, शेष विवाहित महिलाएं आज भी महतारी वंदन योजना की राशि का इंतजार कर रही हैं। भाजपा ने 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, मगर 2 वर्ष बाद भी युवा नौकरी एवं बेरोजगारी भत्ते तक के लिए तरस रहे हैं। युवा भाजपा के वादे के अनुसार 57 हजार शिक्षकों के खाली पदों पर आज भी अपनी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। 4.5 लाख से अधिक अनियमित कर्मचारी अपने नियमितीकरण की राह देख रहे हैं। माना तुता में स्थित धरना स्थल रोज भाजपा की वादाखिलाफी के विरोध में किए जा रहे आंदोलन एवं आमरण अनशन इस बात के का गवाह हैं।
*बिजली का दिया झटका*
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिजली के दामों में मनमानी बढ़ोत्तरी कर तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद कर भाजपा सरकार ने आमजनता को आर्थिक परेशानी में डाल दिया है। बिजली बिलों में बेतहाशा वृद्धि के कारण राज्य का गरीब एवं माध्यम वर्ग बिल पटाने में खुद को अक्षम महसूस कर रहा है। शिक्षा व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए श्री बैज ने कहा कि
सकांग्रेस की सरकार ने दूरस्थ अंचलों के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्कूलों की संख्या में बढ़ोत्तरी की थी तथा गरीब प्रतिभाशाली छात्रों को अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्ता पूर्ण निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आत्मानंद स्कूलों की स्थापना की थी। भाजपा सरकार आत्मानंद स्कूलों को संसाधन विहीन कर उन्हे बंद करने की साजिश कर रही है। 2 सालों में एक भी नया स्कूल खोला नहीं गया, उल्टे युक्तियुक्तकरण के नाम पर 10463 स्कूलों को बंद कर दिया गया। कांग्रेस की सरकार में राज्य के लोगों को उच्च गुणवत्तापूर्ण दवाईयां कम दामों में उपलब्ध कराई जाती थी, परंतु आज आलम ये है कि आम एवं गरीब जनता को नकली दवाईयां उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बदतर होती जा रही है।
*गाइड लाइन दरों पर कटाक्ष*
दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने दो सालों में जमीन की गाइड लाइन की दरों में बेतहाशा वृद्धि कर दी है जिसके परिणाम स्वरूप आम जनता सड़कों पर संघर्ष करने पर मजबूर है। जमीन खरीदने एवं बेचने में उनको परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।प्रदेश की कानून व्यवस्था इतनी दयनीय हो चुकी है कि राज्य में आम नागरिक, व्यापारी, महिलाएं कोई भी सुरक्षित नही है। सरकार अपराध रोकने में नाकाम है।
साथियों राज्य के जल, जंगल एवं जमीन सरकार अपने उद्योगपति मित्रों के हाथों सौंप रही है, हसदेव से लेकर तमनार के जंगलों की बेतहाशा कटाई की जा रही है तथा बस्तर में बैलाडीला की खदानों को सरकार ने अपने मित्रों को समर्पित कर दिया है। दीपक बैज ने कांग्रेस सरकार की 17 जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिए जाने एवं कुछ योजनाओं के नाम बदलने पर भी हमला किया।
*चुनाव प्रणाली को किया दूषित*
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज चिंता जताते हुए कहा कि देश के प्रजातंत्र की नींव भारत की चुनाव प्रणाली को दूषित करने का षड्यंत्र भाजपा और उसकी सरकार द्वारा किया जा रहा है। चुनाव की निष्पक्षता के साथ मतदान का अधिकार भी छीनने की कोशिश की जा रही है। ऐसे समय कांग्रेस पार्टी की भूमिका देश के लोकतंत्र और भारत के संविधानिक मूल्यों को बचाने के लिएक और भी बढ़ जाती है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत में वोट चोरी और मतदाता सूची में की गई गड़बड़ियों को प्रमाणित तरीके से उजागर किया है। हमें गर्व है कि अपनी इस जिम्मेदारी को हमारा नेतृत्व भली-भांति समझता है। हमारी पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी जी, हमारे वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस, भारत के लोगों की आवाज लगातार उठा रही है।
*मनरेगा पर भी बोले बैज*
दीपक बैज ने आगे कहा कि मोदी सरकार मजदूरों का रोजगार छीनना चाहती है। मोदी सरकार ने तथाकथित सुधार के नाम पर झांसा देकर लोकसभा में एक बिल पास करके दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना मनरेगा को खत्म कर दिया है। मनरेगा बंद करने से ग्रामीण क्षेत्र में रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न होगा। मनरेगा केंद्रीय कानून था, जिसमें 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाती थी तथा राज्य 10 प्रतिशत राशि प्रदान करता था, मगर अब केंद्र और राज्य का हिस्सा क्रमशः 60-40 का हो जाएगा, पहले मैचिंग ग्रांट 50 प्रतिशत राशि राज्य जमा करेगी, तत्पश्चात् केंद्र सरकार राशि जारी करेगी, राज्यों की वित्तीय स्थिति सर्वविदित है। इस बिल से आने वाले समय में मनरेगा योजना समाप्त हो जाएगी।
दीपक बैज ने कहा कि महात्मा गांधी की सोच को खत्म करने और सबसे गरीब भारतीयों से काम का अधिकार छीनने की जानबूझकर की गई कोशिश है। कांग्रेस पार्टी पूरे देश में मनरेगा बचाओ संग्राम चला रही है। छत्तीसगढ़ में भी हम लगातार मनरेगा बचाओ के तहत आंदोलन कर रहे हैं।
दीपक बैज ने ऐलान किया कि एक जिम्मेदार विपक्ष के रूप में सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी लगातार जनता की आवाज बुलंद कर रही है। हम सड़क से लेकर सदन तक मजबूत विपक्ष के रूप में सरकार को आईना दिखा रहे हैं। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ के लोगों के हितों के लिए संघर्ष करना तथा देश एवं प्रदेश की जनविरोधी सरकार को बेदखल कर एक लोक जनकल्याणकारी सरकार का गठन करना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति तक जनहित में हमारा संघर्ष अनवरत जारी रहेगा।
