*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* इस वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व पूरे जिले में अपार उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। शासन के सामान्य प्रशासन विभाग और संस्कृति विभाग से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों को झंडा फहराने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में झंडा फहराने और राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के ठीक पश्चात् अनिवार्य रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा।

कलेक्टर श्री छिकारा ने निर्देशित किया है कि यह आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहकर ब्लॉक मुख्यालय, ग्राम पंचायतों और सभी स्कूलों-कॉलेजों तक विस्तारित होगा, जहां झंडा फहराने के कार्यक्रमों में स्थानीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह निर्णय इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि वर्तमान में पूरा देश ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मना रहा है। 7 नवंबर 2025 से प्रारंभ हुए इस वर्षव्यापी समारोह के द्वितीय चरण के तहत गणतंत्र दिवस पर राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव को प्रदर्शित करने के लिए यह विशेष पहल की गई है।
समारोह को भव्यता प्रदान करने के लिए कलेक्टर ने पुलिस बैंड और स्कूलों के बैंड को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, राज्य पुलिस बैंड सार्वजनिक स्थानों पर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देगा, जबकि शिक्षण संस्थानों में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट्स के छात्र ‘वंदे मातरम्’ आधारित संगीतमय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। कलेक्टर श्री छिकारा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस गणतंत्र दिवस पर बड़ी संख्या में अपने नजदीकी झंडा फहराने के स्थल पर पहुंचें और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन में सम्मिलित होकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।
