कोरबा, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में जंगली सुअर के अवैध शिकार के एक गंभीर मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम लीमपानी (भदरापारा), ग्राम पंचायत बारीउमराव में की गई।
वन विभाग को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा जंगली सुअर का शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत के निर्देश एवं उपवनमंडलाधिकारी पाली हितेश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी चैतमा दिनेश कुमार कुर्रे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर सर्च अभियान चलाया गया।
टीम ने ग्राम लीमपानी में एक संदिग्ध के घर की तलाशी ग्राम के पंचों की उपस्थिति में ली। तलाशी के दौरान लगभग 5 किलो कच्चा जंगली सुअर का मांस, पुराने जबड़े (2 नग), पैर (3 नग) बरामद किए गए। इसके साथ ही शिकार में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (2 नग), परसुल (1 नग), हंसिया (2 नग), सेट्रिंग तार के 4 बंडल और लकड़ी का गुटका भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पलमापहाड़ क्षेत्र में फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार किया था। फंदे में फंसने से सुअर की मौत हो गई, जिसके बाद चारों ने मिलकर मांस को आपस में बांट लिया और कुछ मांस का उपभोग भी किया।
वन विभाग ने मामले में साक्ष्य, जब्ती पंचनामा एवं बयान के आधार पर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 44, 48(क), 51 एवं 52 के तहत पी.ओ.आर. क्रमांक 32/01 दिनांक 22 जनवरी दर्ज किया। आरोपियों को 24 जनवरी को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाली के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें 6 फरवरी 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में कटघोरा जेल भेज दिया गया है। प्रकरण की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में वन विभाग के कर्मचारी परस राम पटेल, यशमन कुमार आडिल, कीर्ति कुमार तंवर सहित परिसर रक्षक भीम पटेल, लक्ष्मी प्रसाद यादव एवं सुखमन कुमार पाटले की अहम भूमिका रही।
