कोरबा, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तरदा निवासी गेंद राम पटेल (उम्र लगभग 45 वर्ष) शुक्रवार तड़के सुबह घर से निकले थे। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने गांव के पास उन्हें अचेत अवस्था में पाया, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस द्वारा परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल उरगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
