अंबिकापुर, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
अंबिकापुर जिले में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी इनोवा कार से शराब तस्करी का खुलासा किया है। यह कार्रवाई दरिमा नवानगर थाना क्षेत्र के ग्राम अडची में की गई, जहां मध्य प्रदेश निर्मित शराब की खेप ले जा रही कार को पकड़ा गया।
खास बात यह रही कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार पर ‘प्रेस’ लिखा हुआ था, जिससे पहली नजर में यह सरकारी अथवा मीडिया से जुड़ी गाड़ी प्रतीत हो रही थी। आबकारी टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 15 पेटी मध्य प्रदेश निर्मित शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से आरोपी लड्डू सिंह को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लड्डू सिंह पहले सरकारी शराब दुकान में काम कर चुका है, लेकिन नौकरी से हटाए जाने के बाद वह अवैध शराब तस्करी में शामिल हो गया। आबकारी विभाग ने शराब के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी इनोवा कार को भी जब्त कर लिया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
