सूरजपुर, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। प्रतापपुर विकासखंड स्थित करंजवार पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ प्राचार्य पर विद्यार्थियों से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों ने प्राचार्य पर झूठा चोरी का आरोप लगाने और डराने-धमकाने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की तैयारी के दौरान उपयोग में लाया गया एक छोटा स्पीकर बॉक्स गायब हो गया था। इसी बात को लेकर विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों को दोषी ठहराया गया। आरोप है कि प्राचार्य ने बिना किसी ठोस जांच के छात्रों को मानसिक रूप से परेशान किया, जिससे बच्चे भय और तनाव में आ गए।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो में बच्चे रोते हुए अपनी आपबीती बताते नजर आ रहे हैं। मामला संज्ञान में आते ही महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शिक्षा विभाग को तत्काल जांच के निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा एक जांच दल गठित कर विद्यालय भेजा गया है। टीम ने मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाएगी।
