राजनांदगांव, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमावतपुर गांव में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की दर्दनाक मौत हो गई। रेत से भरी तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच युवती स्कूटी से पदमावतपुर गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही रेत से लदी हाईवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोश व्यक्त किया। कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति भी बनी रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार मृत युवती के भिलाई निवासी होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
