रायपुर, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। महिला से कथित मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद अभिनेता मोहित साहू की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज जारी है और स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि बीते दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मोहित साहू एक अभिनेत्री के साथ विवाद और मारपीट करते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पीड़िता की शिकायत पर रायपुर के पुरानी बस्ती थाना में आरोपी अभिनेता के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उसे शादी का झांसा देकर उज्जैन ले गया था और वहां जबरन विवाह के लिए दबाव बनाया। शादी से इनकार करने पर उसके साथ कथित रूप से शारीरिक हिंसा की गई। युवती का आरोप है कि आरोपी ने कैंची और झाड़ू जैसी वस्तुओं से हमला कर उसे घायल किया।
पीड़िता के अनुसार मोहित साहू पहले से विवाहित है और उसने अपनी पत्नी तथा पीड़िता को अलग-अलग स्थानों पर रखकर जटिल परिस्थितियां उत्पन्न कीं। विवाद के दौरान आरोपी के घर में घुसकर हमला करने की भी शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना रायपुर के भाठागांव स्थित सिल्वर वॉक परिसर, ब्लॉक क्रमांक 410 की बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115, 351, 118 और 127 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है, वहीं आरोपी का इलाज अस्पताल में जारी है।
