जांजगीर-चांपा, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के मामले में थाना सारागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 64(2)(रू) एवं 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता और आरोपी की पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत होती रही। इसी दौरान आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और उसके साथ अनाचार किया। बाद में जब युवती को आरोपी की मंशा का पता चला तो उसने थाना सारागांव में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना सारागांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्वनी हंसले उर्फ अश्वनी हंसराज (23 वर्ष), निवासी मोहगांव, थाना सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवशी, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं आरक्षक महेश राम का सराहनीय योगदान रहा।
