धमतरी, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नगरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम छिपली से दो अवैध शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 16 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छिपली में दो अलग-अलग स्थानों पर कुछ लोग अपने घरों में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का विक्रय कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद नगरी पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को अवैध शराब बिक्री करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहली कार्रवाई
पुलिस ने गुपेश नवरंग, पिता पवन नवरंग, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम छिपली, थाना नगरी, जिला धमतरी को उसके घर में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,500 रुपये है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
दूसरी कार्रवाई
दूसरे मामले में पुलिस ने राधेलाल चतुर्वेदी, पिता बुधारू राम, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम छिपली, थाना नगरी, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 06 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 900 रुपये बताई गई है। इस मामले में भी धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
