सुकमा, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
गणतंत्र दिवस से ठीक पहले सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की साजिशों पर करारा प्रहार करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सुकमा–बीजापुर सीमा से सटे पालागुड़ा के घने जंगलों में सीआरपीएफ ने नक्सलियों द्वारा बनाए गए दो हथियार डंप का भंडाफोड़ कर भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
यह कार्रवाई सीआरपीएफ की 150वीं बटालियन द्वारा विशेष खुफिया सूचना के आधार पर अंजाम दी गई। पालागुड़ा कैंप से दक्षिण दिशा में स्थित जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के दो ऐसे ठिकानों की पहचान की गई, जहां हथियार निर्माण और विस्फोटक तैयार करने का काम किया जा रहा था।
ऑपरेशन का नेतृत्व एफ/150 कंपनी के चीता रौशन कुमार झा एवं जी/150 कंपनी के चीता अजय कुमार ने किया। पूरी कार्रवाई की निगरानी 150वीं बटालियन के कमांडेंट राकेश चंद्र शुक्ला द्वारा की गई। इसके अलावा क्यूएटी/150 की टीम भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रही।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा उपयोग में लाई जा रही हथियार निर्माण सामग्री, विस्फोटक उपकरण और अन्य संदिग्ध सामान जब्त किया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह कार्रवाई नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की दिशा में बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
इस सफल ऑपरेशन से न केवल नक्सलियों की रणनीतियों को भारी नुकसान पहुंचा है, बल्कि गणतंत्र दिवस के दौरान किसी बड़ी नक्सली वारदात की आशंका को भी समय रहते टाल दिया गया है।
