भिलाई, 25 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत दुर्ग यातायात पुलिस एवं दिशा फाउंडेशन द्वारा भिलाई नगर के सेक्टर-8 चौक पर संयुक्त रूप से विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
इस अवसर पर बैनर, पोस्टर एवं पंपलेट के माध्यम से लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, गलत दिशा में वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों को रोककर उन्हें नियमों के उल्लंघन से होने वाले दुष्परिणाम, संभावित सड़क दुर्घटनाएं तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में समझाइश दी गई। साथ ही यातायात पुलिस द्वारा भविष्य में नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन करने की अपील की गई।
दुर्ग यातायात पुलिस और दिशा फाउंडेशन का यह संयुक्त प्रयास नागरिकों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करने तथा सड़क सुरक्षा को लेकर सामूहिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
