रायपुर, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन जागरूकता से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। यातायात नियमों के पालन से अनमोल मानव जीवन की रक्षा संभव है।
हेलमेट पहनकर स्वयं स्कूटी चलाकर दिया संदेश
मुख्यमंत्री श्री साय ने सड़क सुरक्षा का व्यावहारिक संदेश देते हुए स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक चालकों के दल के साथ स्कूटी चलाई। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
आधुनिक लाइसेंस सेंटर का भूमिपूजन, ग्रामीण बसों का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर के पंडरी में आधुनिक लाइसेंस सेंटर कार्यालय भवन का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत प्रदेश के 12 नए मार्गों पर 12 नवीन बसों का शुभारंभ भी किया गया।
सड़क सुरक्षा में ‘पुलिस मितान’ निभा रहे अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर पुलिस द्वारा 4500 पुलिस मितानों की अभिनव पहल की गई है, जो विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में त्वरित सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन पुलिस मितानों को हेलमेट एवं फर्स्ट एड किट भी प्रदान की गई है।
नियमों का पालन ही जीवन सुरक्षा की कुंजी
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें हेड इंजरी के कारण होती हैं। ऐसे में हेलमेट पहनना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की अपील की।
सड़क सुरक्षा को जनांदोलन बनाने का आह्वान
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता न होकर सड़क सुरक्षा का जनांदोलन बने। सड़क दुर्घटना में तत्काल सहायता देने वाले राहगीरों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है, जबकि घायलों के लिए डेढ़ लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था की गई है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस मितान, चिकित्सक, यातायात पुलिस कर्मी, वाहन चालक, भारत स्काउट गाइड, एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स, यूनिसेफ प्रतिनिधि एवं एनएचएआई अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

सड़क सुरक्षा मितान साथियों को 5 हजार और 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
स्कूली बच्चों की पेंटिंग और मॉडल की सराहना
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा पर आधारित स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा तैयार पेंटिंग और साइंस मॉडल प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों की रचनात्मक सोच की प्रशंसा की।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, परिवहन सचिव एस. प्रकाश, अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
