मुंबई, 24 जनवरी।(दुर्ग भिलाई अपडेट)
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार के कारोबारी सत्र के दौरान जोरदार बिकवाली देखने को मिली। दिन के अंत में सेंसेक्स 769.67 अंक (0.94%) गिरकर 81,537.70 और निफ्टी 241.25 अंक (0.95%) की कमजोरी के साथ 25,048.65 पर बंद हुआ।
सुबह बाजार ने सकारात्मक शुरुआत की थी, जिससे निवेशकों में उम्मीद जगी, लेकिन यह तेजी ज्यादा देर टिक नहीं सकी। कारोबार बढ़ने के साथ ही बिकवाली का दबाव हावी हो गया और देखते ही देखते निवेशकों की करीब 6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति साफ हो गई।
इन सेक्टर्स ने डुबोया बाजार
बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव रियल्टी और पीएसयू बैंकिंग शेयरों का रहा।
निफ्टी रियल्टी: 3.34% गिरावट
निफ्टी पीएसयू बैंक: 2.27% गिरावट
निफ्टी एनर्जी: 1.92%
निफ्टी इंडिया डिफेंस: 1.80%
निफ्टी इन्फ्रा: 1.69%
निफ्टी पीएसई: 1.54%
निफ्टी कमोडिटीज: 1.38%
लगभग सभी प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स के गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स पैक में टेक महिंद्रा, एचयूएल, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, टीसीएस, टाइटन और अल्ट्राटेक सीमेंट में खरीदारी देखने को मिली।
वहीं इटरनल, इंडिगो, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, बीईएल, एसबीआई, मारुति सुजुकी, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल और एमएंडएम लूजर रहे।
मिडकैप-स्मॉलकैप में भी हाहाकार
लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी मिडकैप 100: 1,045.65 अंक (1.80%) टूटकर 57,145.65
निफ्टी स्मॉलकैप 100: 324.50 अंक (1.95%) गिरकर 16,352.75
गिरावट की बड़ी वजहें
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक बाजारों में मजबूती और पीएमआई के बेहतर आंकड़ों के बावजूद भारतीय बाजार में बिकवाली की मुख्य वजहें—
डॉलर के मुकाबले रुपए का रिकॉर्ड निचला स्तर
एफआईआई की लगातार बिकवाली
इन कारणों से निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर बना हुआ है।
आगे क्या रहेगा बाजार का रुख?
जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में अमेरिकी फेड द्वारा ब्याज दरों में कटौती और आम बजट बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
गौरतलब है कि वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते बाजार ने सुबह मजबूती के साथ शुरुआत की थी। सेंसेक्स 28 अंक की बढ़त के साथ 82,335 और निफ्टी 55 अंक चढ़कर 25,344 पर खुला था।
