बीजापुर, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के थाना मद्देड़ क्षेत्र अंतर्गत बंदेपारा–नीलमडग़ु के मध्य जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए 16 नग प्रेशर IED तथा भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामान बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों की सूचना के मद्देनज़र सुरक्षा बलों द्वारा लगातार प्रभावी और सतत कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 24 जनवरी 2026 को डीआरजी बीजापुर, थाना मद्देड़ एवं केरिपु 22 बटालियन की संयुक्त टीम द्वारा बंदेपारा–नीलमडग़ु पगडंडी मार्ग और आसपास के जंगली इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया गया।
सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा बीयर बोतलों में लगाए गए 16 प्रेशर IED बरामद किए गए, जिन्हें बम निरोधक दस्ता (BDS) की टीम ने मौके पर ही सुरक्षा मानकों के तहत सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।
इसके अलावा नीलमडग़ु से बंदेपारा के बीच जंगल में अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर गड्ढा खोदकर छुपाकर रखे गए स्टील कंटेनर और प्लास्टिक बाल्टियों से माओवादी विस्फोटक डम्प बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में शामिल हैं —
जिलेटीन स्टिक: 784 नग (लगभग 100 किलोग्राम)
कार्डेक्स वायर: 03 बंडल
काली वर्दी का कपड़ा: लगभग 350 मीटर
गन पाउडर: 01 किलोग्राम
वॉकी-टॉकी चार्जर: 04 नग
बैटरी: 04 नग
मोबाइल चार्जर: 02 नग
माओवादी साहित्य, माओवादी वर्दी, पीठू बैग
दैनिक उपयोग की सामग्री जैसे तेल, साबुन एवं स्टील कंटेनर
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से माओवादियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हुई है। क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान जारी है और सुरक्षा एजेंसियां माओवादी गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
