कनाडा, 24 जनवरी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड में अपनी रणनीतिक पकड़ मज़बूत करने के इरादे से किसी भी हद तक जाने को तैयार दिख रहे हैं। इसी कड़ी में प्रस्तावित ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल डिफेंस सिस्टम को लेकर अमेरिका और उसके करीबी सहयोगी कनाडा के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया है। इस मुद्दे पर न केवल यूरोपीय देश, बल्कि कनाडा भी खुलकर ट्रंप प्रशासन का विरोध करता नजर आ रहा है।
दरअसल, ट्रंप प्रशासन ग्रीनलैंड में ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल रक्षा प्रणाली स्थापित करना चाहता है, जिसे अमेरिका अपनी और सहयोगी देशों की सुरक्षा के लिए अहम बता रहा है। हालांकि कनाडा और कई यूरोपीय देशों ने इस योजना पर कड़ी आपत्ति जताई है। इसी बीच ट्रंप ने कनाडा को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने अमेरिका की बजाय चीन के साथ अपने आर्थिक रिश्ते और मज़बूत किए, तो चीन एक साल के भीतर ही उसे “निगल सकता है।”
यह विवाद तब और गहरा गया जब हाल ही में स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान कनाडा ने चीन के साथ एक बड़े व्यापार समझौते की घोषणा कर दी। साथ ही कनाडा ने ग्रीनलैंड में मिसाइल रक्षा प्रणाली लगाने की अमेरिकी योजना पर भी सवाल उठाए। 17 जनवरी को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने चीन के साथ नए व्यापार समझौते की औपचारिक घोषणा की थी।
चीन के साथ नया व्यापार समझौता
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के अनुसार, इस समझौते से कनाडाई व्यवसायों और श्रमिकों को बड़ा आर्थिक लाभ मिलने वाला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने लिखा कि चीन के साथ नए व्यापार समझौते से कनाडा के लिए 7 अरब डॉलर से अधिक के नए निर्यात बाजार खुलेंगे।
कनाडा और चीन के बीच बढ़ती नजदीकी से नाराज़ राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि ग्रीनलैंड में प्रस्तावित ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल रक्षा प्रणाली न सिर्फ अमेरिका बल्कि कनाडा की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी। इसके बावजूद कनाडा चीन को अमेरिका से अधिक भरोसेमंद साझेदार मान रहा है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि कनाडा ग्रीनलैंड में गोल्डन डोम लगाने का विरोध कर रहा है, जबकि यह सिस्टम उसकी भी रक्षा करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा चीन के साथ व्यापार को प्राथमिकता दे रहा है, जो आने वाले समय में उसके लिए खतरा बन सकता है।
इससे पहले वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के 56वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए भी ट्रंप ने प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि कनाडा को अमेरिका से मिलने वाली सुरक्षा और अन्य “मुफ्त सुविधाओं” के लिए अधिक आभारी होना चाहिए और दोहराया कि ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल डिफेंस सिस्टम कनाडा की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाएगा।
