वाशिंगटन, 24 जनवरी।
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते भारतीय मूल के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी समेत चार रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार तड़के करीब 2:30 बजे ब्रुक आइवी कोर्ट इलाके में हुई। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक घर के अंदर चार लोगों के शव मिले। मृतकों की पहचान आरोपी की पत्नी मीमु डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरिश चंदर (38) के रूप में की गई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी विजय कुमार (51) और उसकी पत्नी के बीच पहले अटलांटा स्थित उनके घर पर विवाद हुआ था। इसके बाद वे बच्चे के साथ रिश्तेदारों के घर पहुंचे, जहां कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और यह दर्दनाक घटना घटित हो गई।
बच्चों की सूझबूझ ने बचाई जान
घटना के वक्त घर में मौजूद तीन बच्चों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी शुरू होते ही बच्चे डरकर एक अलमारी में छिप गए। इनमें आरोपी का 12 वर्षीय बेटा भी शामिल था, जिसने अलमारी के अंदर से ही 911 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसी कॉल के चलते पुलिस समय रहते घटनास्थल तक पहुंच सकी। सौभाग्य से बच्चों को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है और उन्हें सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
जंगल से पकड़ा गया आरोपी
हत्या के बाद आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गया था, जबकि उसका वाहन घर के बाहर ही खड़ा मिला। पुलिस ने खोजी कुत्तों की मदद से आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया और कुछ ही समय में आरोपी को पास के जंगलनुमा इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना पर अटलांटा स्थित भारतीय दूतावास ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि वे पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और इसे घरेलू हिंसा से जुड़ा गंभीर अपराध बताया है।
