इस्लामाबाद, 24 जनवरी।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांत में शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुए आत्मघाती हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना डेरा इस्माइल खान जिले में हुई, जहां अमन (शांति) समिति के प्रमुख नूर आलम महसूद के आवास पर विवाह कार्यक्रम चल रहा था।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट के समय बड़ी संख्या में लोग समारोह में मौजूद थे। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में नूर आलम महसूद भी घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रमुख ब्रॉडकास्टर जियो न्यूज़ के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह आत्मघाती हमला माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद इलाके में फायरिंग की भी सूचना मिली है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
घटना के बाद जांच दल और फॉरेंसिक विशेषज्ञ कई घंटों तक मौके पर मौजूद रहे और सबूत जुटाए। पाकिस्तानी दैनिक द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, जांच एजेंसियां हमले में शामिल नेटवर्क की पहचान में जुटी हैं। प्रारंभिक जानकारी में हमलावर की उम्र नाबालिग बताई जा रही है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद की जाएगी।
केपी के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने प्रांतीय पुलिस प्रमुख से तत्काल रिपोर्ट तलब करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमले के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान, जो अफगानिस्तान से सटे हुए हैं, हाल के वर्षों में आतंकी घटनाओं से सबसे अधिक प्रभावित रहे हैं। नूर आलम महसूद पहले भी आतंकियों के निशाने पर रह चुके हैं। वर्ष 2022 में उनके कार्यालय पर आत्मघाती हमले की कोशिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया था।
इसके अलावा, पिछले महीने डेरा इस्माइल खान में पुलिस वाहन पर हुए बम हमले में तीन पुलिसकर्मी मारे गए थे। सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज के आंकड़ों के अनुसार, बीते वर्ष पाकिस्तान में हिंसक घटनाओं में 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें हजारों लोग हताहत हुए। इनमें सबसे अधिक असर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में देखने को मिला।
