जांजगीर-चांपा, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवरीनारायण पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक युवक को धर दबोचा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 24 जनवरी 2026 को थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी गई। इस दौरान आरोपी बादल भारद्वाज (26 वर्ष), निवासी खरौद, थाना शिवरीनारायण के कब्जे से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में उप निरीक्षक सियाराम यादव, आरक्षक प्रवीण साहू, नितीन द्विवेदी, महिला आरक्षक पूजा भारती कटकवार सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
