मुंगेली, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के पथरिया थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगद्वारी में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावर ने एक अधेड़ व्यक्ति की उसके ही घर में घुसकर कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान आजुराम लोधी (52 वर्ष), पिता कलीराम लोधी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आजुराम देर रात अपने घर में सो रहा था, तभी करीब रात 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उस पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पथरिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने सगे भाई दुखितराम लोधी से जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या पारिवारिक रंजिश में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
