गरियाबंद, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के नक्सल प्रभावित जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों द्वारा छुपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है, जिससे एक बड़ी नक्सली साजिश विफल हो गई।
जिला पुलिस बल ई-30, सीएएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने थाना मैनपुर क्षेत्र के ग्राम कुकरार और थाना पीपरछेड़ी क्षेत्र के ग्राम कमारभौदी के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले पुख्ता इनपुट के आधार पर की गई थी।
23 जनवरी 2026 को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान बीडीएस टीम की मदद से नक्सल डम्प को सुरक्षित रूप से खंगाला गया। तलाशी में पुलिस बल से लूटी गई 01 नग 303 रायफल, 01 देशी पिस्टल, 12 बोर के 31 राउंड, 8 एमएम के 48 कारतूस, 43 डेटोनेटर, 02 सोलर प्लेट, 01 मल्टीमीटर, 02 वॉकी-टॉकी, 01 इन्वर्टर सहित अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, माओवादी इन हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे। समय रहते की गई इस कार्रवाई से नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फिर गया।
फिलहाल जब्त सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। सुरक्षा बलों की इस सफलता को क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
