रायपुर, 24 जनवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब केंद्र सरकार के राष्ट्रव्यापी रोजगार मेला के अंतर्गत रायपुर के आरंग स्थित सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में 400 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। यह आयोजन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह अवसर केवल नौकरी पाने का नहीं, बल्कि देश सेवा का संकल्प लेने का है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रोजगार को मिशन मोड में लाया गया है, जिससे युवाओं को स्थायी और सम्मानजनक अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में आयोजित 18वें राष्ट्रीय रोजगार मेले को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने एक साथ 61 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि ये नियुक्तियां विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है, जो देश की सुरक्षा, प्रगति और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि
“यह सिर्फ नियुक्ति पत्र नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने बताया कि रायपुर केंद्र में चयनित युवा सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और एसएसबी जैसे केंद्रीय सशस्त्र बलों में अपनी सेवाएं देंगे। इनमें से 25 युवाओं को मंच से स्वयं मंत्री श्री साहू ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें श्री शालिन (आईपीएस), आईसीजी, सीआरपीएफ, श्री अजय कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक, सीआरपीएफ, श्रीमती दुर्गा भवानी राजनाला, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) एवं अन्य अधिकारी शामिल थे। बड़ी संख्या में नवनियुक्त युवा, उनके परिजन और मीडिया प्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहे।
यह रोजगार मेला इस बात का सशक्त उदाहरण है कि छत्तीसगढ़ का युवा अब देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है। सरकार की यह पहल प्रदेश में विकास, स्थिरता और आत्मविश्वास के नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।
