बिलासपुर, 24 जनवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
फर्जी यूपीआई ट्रांजैक्शन दिखाकर एक क्लिनिक संचालिका से 15 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने इलाज के बहाने विश्वास में लेकर अलग-अलग किस्तों में रकम हड़पी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया सुमन शुक्ला, पति बलराम तिवारी (38 वर्ष), निवासी परसुराम चौक, राज किशोर नगर, थाना सरकंडा, सकरी क्षेत्र में अंबिका क्लीनिक का संचालन करती हैं। आरोपी सुधीर बरामते, पिता स्व. रामधर बरामते (27 वर्ष), निवासी दलदलिहापारा, थाना सकरी, अपने बच्चे के इलाज के सिलसिले में क्लिनिक आता-जाता था, जिससे उसकी पहचान हो गई थी।
दिनांक 9 सितंबर 2025 को आरोपी क्लिनिक पहुंचा और इलाज से संबंधित दवाइयों के बदले 3500 रुपये लिए। उसने मोबाइल एप के जरिए भुगतान करने का झूठा ट्रांजेक्शन दिखाया। क्लिनिक में व्यस्तता के चलते प्रार्थिया ने तत्काल अपने बैंक खाते की जांच नहीं की।
इसके बाद 10 से 17 सितंबर 2025 के बीच आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में 2500, 2000, 2500, 3500, 2500 और 2000 रुपये लेकर कुल 15 हजार रुपये की ठगी की। हर बार आरोपी फर्जी यूपीआई ट्रांजेक्शन दिखाकर भुगतान का दावा करता रहा।
बाद में जब प्रार्थिया ने बैंक जाकर खाते की जांच करवाई तो उक्त राशि जमा नहीं पाई गई। 19 सितंबर 2025 को आरोपी दोबारा क्लिनिक पहुंचकर 1000 रुपये की मांग करने लगा। इस पर प्रार्थिया ने उससे भुगतान को लेकर सवाल किया, तो आरोपी ट्रांजेक्शन हिस्ट्री किसी और के मोबाइल में होने की बात कहकर वहां से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सकरी में अपराध क्रमांक 678/2025, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
