बिलासपुर, 24 जनवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रहार अभियान के तहत बेलगहना चौकी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कोटा-बेलगहना मार्ग पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों से गांजा परिवहन कर रहे तीन पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13 किलोग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त की है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, जबकि कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 8 लाख 41 हजार 250 रुपये आंका गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिलों के माध्यम से कोटा की ओर से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर ग्राम पंडरापथरा के पास घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध दो मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली गई, जहां से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजेन्द्र कुमार खत्री, नीरज उर्फ मोंटू, मंगलू राम साहू और सरस्वती साहू के रूप में हुई है। पूछताछ में मुख्य आरोपी गजेन्द्र कुमार खत्री ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर लोरमी व आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बेलगहना पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
