सरगुजा, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। लखनपुर विकासखंड के गुमगरा क्षेत्र स्थित जूनापारा प्राथमिक विद्यालय में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर एक सरकारी शिक्षक कथित तौर पर नशे की हालत में स्कूल पहुंच गया। सरस्वती पूजा के दौरान शिक्षक की हालत देख अभिभावक और ग्रामीण स्तब्ध रह गए।
विद्यालय परिसर में मौजूद लोगों ने शिक्षक का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में शिक्षक असामान्य व्यवहार करते और सवालों के जवाब टालते हुए नजर आ रहे हैं। शराब सेवन से जुड़े सवाल पर शिक्षक ने पहले इनकार किया और गोलमोल जवाब देते रहे, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया।
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि संबंधित शिक्षक पहले भी कई बार नशे की हालत में स्कूल आ चुके हैं। बार-बार शिकायत और समझाइश के बावजूद उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में ग्राम सभा आयोजित कर शिक्षक को हटाने का प्रस्ताव पारित किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनपुर बीईओ डीके गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर संकुल प्रभारी से जांच कराई गई, जिसमें शिक्षक का नशे की स्थिति में विद्यालय आना सही पाया गया। जांच रिपोर्ट के बाद शिक्षक के निलंबन की सिफारिश जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा को भेज दी गई है। फिलहाल शिक्षा विभाग द्वारा अंतिम कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
