दुर्ग, 24 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार सुबह सिसकोल कंपनी के प्लांट में कार्य के दौरान एक मजदूर की जान चली गई, जिससे पूरे औद्योगिक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान लेखूराम कौशल (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रोज की तरह अपने तय समय पर ड्यूटी पर पहुंचा था। वह प्लांट में ओवरहेड क्रेन का संचालन कर रहा था और भारी लोहे की प्लेटों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर रहा था।

इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से लोहे की प्लेटें फिसल गईं और लेखूराम उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों में हुई संभावित लापरवाही की जांच कर रही है।
