*अर्जुन झा*
जगदलपुर, 23 जनवरी 2026/ बस्तर के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में दशकों से आवागमन की चुनौतियों का सामना कर रहे ग्रामीणों के लिए शनिवार का दिन उम्मीदों की नई किरण लेकर आ रहा है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ के तहत अब उन दुर्गम इलाकों को परिवहन की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, जो लंबे समय से बेहतर सड़क संपर्क की बाट जोह रहे थे। इसी कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शनिवार को रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य समारोह में तीन नवीन बस सेवाओं की सौगात देने जा रहे हैं। परिवहन विभाग की यह पहल जिले के लोहण्डीगुड़ा विकासखण्ड मुख्यालय और उसके आसपास के ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी, बल्कि बस्तर के पर्यटन, शिक्षा और व्यापार को भी नई ऊंचाइयां प्रदान करेगी।
इस महत्वाकांक्षी योजना में पर्यटन और स्थानीय जरूरतों के बीच बेहतरीन सामंजस्य स्थापित किया गया है, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण लोहण्डीगुड़ा से बारसूर के बीच शुरू हो रही 60 किलोमीटर लंबी बस सेवा है। यह बस सेवा ऐतिहासिक नगरी बारसूर और जिला मुख्यालय जगदलपुर के बीच एक सेतु का काम करेगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, यह बस सुबह 07:50 बजे बारसूर से रवाना होकर सातधार, बिंता और बदरेंगा होते हुए आगे बढ़ेगी। यह बस सुबह 11 बजे विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पहुंचेगी और दोपहर 12 बजे तक जगदलपुर पहुंच सकेंगे। यह रूट बस्तर के पर्यटन मानचित्र पर एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर सुदूर वनांचल के ग्रामीणों की पीड़ा को समझते हुए लोहण्डीगुड़ा-एरमुर मार्ग पर भी बस सेवा बहाल की गई है, जिसे ग्रामीणों के लिए एक जीवन रेखा माना जा रहा है। यह बस सुबह साढ़े 7 बजे एरमुर से अपनी यात्रा शुरू करेगी और हर्राकोडेर, कुधूर, धरमाबेड़ा व रतेंगा जैसे अंदरूनी गांवों को पार करते हुए सुबह 11 बजे जगदलपुर बस स्टैंड पहुंचेगी। इस रूट के शुरू होने से अब दर्जनों गांवों के लोग, जो पहले घंटों का सफर तय करने को मजबूर थे, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से शहर से जुड़ सकेंगे।
इसके अतिरिक्त रायकोट से जगदलपुर के बीच 39 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सीधी बस सेवा को मंजूरी दी है। यह सेवा कुरूषपाल और पोटानार जैसे गांवों के छात्रों एवं व्यापारियों के लिए तरक्की के नए रास्ते खोलेगी। यह बस सुबह 08 बजे रायकोट से निकलकर कामदेव और पोटानार होते हुए सुबह 09:50 बजे जगदलपुर पहुंचेगी, जिससे स्कूल, कॉलेज और दफ्तर जाने वाले लोग और अपने राजस्व कामकाज करवाने के लिए ग्रामीण समय पर अपनी मंजिल तक पहुँच सकेंगे।
बस्तर के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाले इस गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन शनिवार दोपहर 12 बजे किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर बसों को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप करेंगे। इस अवसर पर मंत्री श्री गुरु खुशवंत सिंह, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित रायपुर और बस्तर के कई अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर इस महत्ती दिवस के साक्षी बनेंगे।
