रायपुर, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर में होने वाले अहम टी20 मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने अभ्यास से इतर कुछ सुकून के पल प्रकृति की गोद में बिताए। टीम इंडिया के चुनिंदा खिलाड़ी महासमुंद जिले में स्थित प्रसिद्ध बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य पहुंचे, जहां उन्होंने जंगल सफारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध जैव-विविधता और प्राकृतिक सुंदरता को नजदीक से महसूस किया।

इस विशेष भ्रमण में भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ संजू सैमसन, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव शामिल रहे। खिलाड़ियों ने घने जंगलों, शांत वातावरण और विविध वन्य जीवों के बीच समय बिताया, जिससे उन्हें आगामी मुकाबले से पहले मानसिक ताजगी मिली।
जंगल भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने अभयारण्य में मौजूद विभिन्न वन्य जीवों और पक्षियों को देखा। इस खास पल की तस्वीरें वन मंत्री केदार कश्यप द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं, जो अब तेजी से वायरल हो रही हैं और प्रशंसकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि रायपुर से लगभग 100–106 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य करीब 245 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यह अभयारण्य तेंदुआ, भालू, बायसन, काला हिरण, चिंकारा, चार सींग वाला मृग, सियार और उड़ने वाली गिलहरी जैसे वन्य प्राणियों के साथ-साथ मोर, तोता, गिद्ध, कठफोड़वा, किंगफिशर, बगुला और ड्रोंगो जैसी अनेक पक्षी प्रजातियों के लिए भी जाना जाता है।
