दुर्ग, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के दिशा-निर्देशानुसार थाना धमधा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दारगांव में महिला कमांडो सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं प्रेरणा सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में दुर्ग, बालोद, बेमेतरा एवं कबीरधाम जिले के लगभग 40 गांवों से आई 200 महिला कमांडो ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री शमशाद बेगम रहीं। सम्मेलन के दौरान महिला कमांडो को सिविल डिफेंस, आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा से संबंधित विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें कानून के दायरे में रहकर कार्य करने, किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में न लेने तथा सामाजिक जागरूकता अभियान शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से संचालित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने महिला कमांडो को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस व प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने हेतु प्रेरित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के माध्यम से महिला कमांडो को कैप एवं बैच प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्ग मणिशंकर चन्द्रा, एसडीपीओ बेमेतरा विनय साहू, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड (एसडीआरएफ) नागेंद्र सिंह, थाना प्रभारी धमधा रामनारायण ध्रुव, ग्राम सरपंच केजिया ठाकुर, राकेश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन रफीक खान द्वारा किया गया।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता एवं जन-सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में दुर्ग पुलिस की एक सराहनीय एवं प्रभावशाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।
