दुर्ग, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। ऑपरेशन सुरक्षा के तहत यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर 67 वर्षीय महिला मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। भिलाई के रिसाली निवासी शीला देवी को हार्ट अटैक की गंभीर अवस्था में स्पर्श हॉस्पिटल, भिलाई से रायपुर स्थित रामकृष्ण हॉस्पिटल रेफर किया गया था।
दिनांक 23.01.2026 को मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने तत्काल रूट क्लियरेंस करते हुए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। मार्ग पर तैनात पुलिस बल ने समन्वय बनाते हुए सभी सिग्नल क्लियर कराए और अन्य वाहनों को नियंत्रित किया, जिससे एम्बुलेंस को निर्बाध व सुरक्षित मार्ग मिल सका।
पुलिस की सतर्कता और अनुशासित ट्रैफिक प्रबंधन के चलते एम्बुलेंस महज 40 मिनट में मरीज को सुरक्षित रूप से रामकृष्ण हॉस्पिटल, रायपुर पहुँचा सकी, जहां उनका उपचार जारी है।
यह कार्रवाई यातायात पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली, प्रभावी समन्वय और आपातकालीन सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।
