दुर्ग, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
थाना छावनी क्षेत्र के सिंधी कॉलोनी निवासी संजय अठवानी (उम्र 37 वर्ष) ने 21 जनवरी 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कुछ दिन पहले दो अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान पर साइकिल देखने के बहाने आए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अपना नाम राजू बताया और मोबाइल नंबर लेकर चले गए। इसके बाद आरोपी लगातार फोन पर संपर्क में रहे और प्रार्थी की मां की बीमारी की जानकारी लेकर झाड़-फूंक व पूजा-पाठ से इलाज का झांसा दिया।
16 जनवरी 2026 को पावर हाउस फल मार्केट के पास देवी पूजा के नाम पर नारियल और 1100 रुपये लिए गए तथा मां के पूरी तरह स्वस्थ होने का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद आरोपियों ने विश्वास में लेकर मां के सोने के आभूषण और नकद राशि मंदिर में रखने की बात कही।
20 जनवरी 2026 को रेलवे स्टेशन पावर हाउस, भिलाई के पास बुलाकर चार सोने के कंगन (करीब 60 ग्राम, अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये) और 8 लाख रुपये नकद लेकर आरोपी फरार हो गए। बाद में उनके मोबाइल फोन भी बंद हो गए।
मामले में थाना छावनी में अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर बाबूलाल (उम्र 45 वर्ष), निवासी श्रीरामपुर, जिला चित्रकूट (उ.प्र.) एवं गीता राय, निवासी जिला हाथरस (उ.प्र.)को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से लगभग 8 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन एवं कीपैड फोन जब्त किए गए हैं। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अंधविश्वास, झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र के नाम पर किसी के बहकावे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
