*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* आज नानगुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के मार्गदर्शन एवं पूर्व विधायक रेखचंद जैन की उपस्थिति में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत 12 किलोमीटर की जनांदोलन पदयात्रा का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने चिलकुटी, बड़े मुरमा, बड़े बोदल, बड़े कवाली, छोटे कवाली होते हुए पदयात्रा की। पदयात्रा का समापन नानगुर के साप्ताहिक बाजार में हुआ।शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि गरीबों की आर्थिक सुरक्षा की रीढ़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट कटौती और भुगतान में देरी के जरिए इस योजना को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा को कमजोर करने और धीरे‑धीरे बंद करने की कोशिशें की जा रही हैं, जिससे गरीब और ग्रामीण परिवारों पर सीधा असर पड़ रहा है। इसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।ब्लॉक अध्यक्ष फूलसिंह बघेल ने पदयात्रा के दौरान कहा कि केंद्र सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर करने तथा ग्रामीण मजदूरों को उनकी आजीविका से वंचित करने की कोशिश करने का जो कार्य कर रही है उसका कांग्रेस पार्टी विरोध करती है। जिसके विरोध में आज मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत चिलकुटी से नानगुर तक 12 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली गई। पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी लगातार विरोध दर्ज करा कर मनरेगा को कमजोर करने के प्रयासों का विरोध कर रही है और आमजनों को सरकार की इस मजदूर विरोधी नीतियों से अवगत कराया जा रहा है। श्री जैन ने मजदूरों से आह्वान किया कि वे अपने हक के लिए संगठित रहें और लगातार आवाज उठाएं। कांग्रेस परिवार पूरी तरह से आपके साथ खड़ी है। पदयात्रा में मुख्य रूप से नीलूराम बघेल, हेमू उपाध्याय, गणेश सेठिया, शहर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, असीम सुता, राजेश कश्यप, हरिहर सेठिया, लोकेश सेठिया, शंकर नाग, सोनधर, जगन्नाथ, प्रदीप सेठिया, मनीराम, चमनलाल देहारी, शिवलाल नाग, अर्जुन, लछिमधर नाग, विनोद बिसाई, सुभाष गावड़े, रामा, सुखराम आदि मौजूद रहे।
