रायपुर, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट) — सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग को लेकर आंदोलनरत डीएड अभ्यर्थियों का गुस्सा शुक्रवार सुबह फूट पड़ा। अभ्यर्थियों ने नया रायपुर स्थित स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के निवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया, इसी दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ते हुए कई डीएड अभ्यर्थियों को जबरन वाहनों में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर छोड़ा। इस कार्रवाई में महिला अभ्यर्थी भी शामिल रहीं, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।
डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर सरकार लगातार टालमटोल कर रही है, जबकि वे लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक भर्ती को लेकर कोई ठोस और स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल इस पूरे मामले पर शिक्षा विभाग या मंत्री की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
