जशपुर, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान की आमद पर अंकुश लगाने जशपुर पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में थाना लोदाम क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने झारखंड से छत्तीसगढ़ लाए जा रहे अवैध धान के एक बड़े परिवहन को पकड़ा है।
पुलिस ने ग्राम भलमंडा के पास नेशनल हाइवे–43 पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की। ट्रक क्रमांक KK-63-RJ-1735 की तलाशी लेने पर उसमें 415 बोरियों में कुल 207 क्विंटल धान लोड मिला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 76 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम वीरेंद्र शर्मा (58 वर्ष) निवासी ग्राम धुर्वा, रांची (झारखंड) बताया। चालक ने बताया कि धान विक्की गुप्ता (32 वर्ष) निवासी लोहरदगा (झारखंड) का है, जिसे झारखंड से जशपुर लाया जा रहा था। धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने अवैध परिवहन के संदेह में ट्रक सहित धान जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।
गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस अब तक 46 मामलों में 2700 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ चुकी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे एवं प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अवैध धान की आमद रोकने जशपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
