राजनांदगांव, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
चिचोला पुलिस चौकी ने सतर्कता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए करीब छह माह से लापता महिला को जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से सकुशल दस्तयाब कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस सराहनीय कार्रवाई से न सिर्फ पीड़ित परिवार को राहत मिली है, बल्कि पुलिस की कार्यशैली की भी सराहना हो रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिव कुमार साहू निवासी चिचोला ने 22 जुलाई 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी उषा बाई साहू 18 जुलाई को सुबह लगभग 11 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं और वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तब मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने गुम इंसान का प्रकरण कायम कर महिला की तलाश शुरू की। महिला का हुलिया और फोटो जिले के सभी थाना एवं चौकियों को भेजा गया। साथ ही तकनीकी माध्यमों से मोबाइल लोकेशन और अन्य इनपुट खंगाले गए। जांच के दौरान महिला की आखिरी लोकेशन श्रीनगर क्षेत्र में ट्रेस होने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई तेज कर दी।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन तथा डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम परिजनों के साथ श्रीनगर रवाना हुई, जहां निगीन थाना क्षेत्र अंतर्गत फारूख खन्ना इलाके के एक मकान से महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
प्राथमिक पूछताछ में महिला ने किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या जबरदस्ती से इनकार किया है। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर महिला को सुपुर्दनामा पर परिजनों के हवाले कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सुनील कुमार वर्मा तथा आरक्षक क्रमांक 1717 जयप्रकाश मांडवी की विशेष भूमिका रही, जिनकी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रशंसा की गई है।
