कबीरधाम, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठाकुरटोला में आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी की तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच ग्राम ठाकुरटोला निवासी दुकालसिंह बैगा (50) का गांव के ही चोखुराम बैगा (40) के साथ गाली-गलौच को लेकर विवाद हो गया।विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर अपने घर में रखी लोहे की टंगिया से दुकालसिंह बैगा के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना तरेगांव जंगल की पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसके मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया भी जब्त कर ली गई। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में की गई।
