जशपुरनगर, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में लोनर हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने आम नागरिकों के लिए सतर्कता अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस क्षेत्र के जामझोर, महेशपुर, सराईटोला और खजरीकुड़केल गांवों के आसपास वर्तमान में चार लोनर हाथी विचरण कर रहे हैं, जिससे मानव–हाथी संघर्ष की आशंका बनी हुई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं और विशेष सावधानी बरतें। यदि किसी स्थान पर हाथी दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी वन अमले या विभाग को इसकी सूचना दें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
इसी बीच 21 जनवरी की रात तपकरा परिक्षेत्र से एक आक्रामक स्वभाव का लोनर हाथी पत्थलगांव परिक्षेत्र में प्रवेश कर गया। यह हाथी जामझोर बीट होते हुए खाडामाचा गांव तक पहुंच गया।
22 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे खाडामाचा निवासी रामसाय नाग (65 वर्ष) और संदीप नाग (9 वर्ष) शौच के लिए खेत की ओर गए थे, तभी उनकी अचानक उस लोनर हाथी से मुठभेड़ हो गई। हाथी के हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल दोनों की हालत पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।
घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। हाथी गश्ती दल और त्वरित प्रतिक्रिया टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है तथा ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
