*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस द्वारा अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले 2 आरोपी को गिरफ्तार करने में बस्तर पुलिस को सफलता मिली है।
ज्ञात हो कि थाना बोधघाट में 21 जनवरी को प्रार्थी आकाश नाग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि साकेत कॉलोनी स्थित निवास के सामने से उसकी बाईक सीजी 17 केएच 2369 को 13 जनवरी की रात चोरी हो गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक गीतिका साहू के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर एवं साइबर सेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम द्वारा साइबर सेल के टीम के साथ तकनीकी सहायता से संदेह के आधार पर तीतीरगांव निवासी रितेश पांडे पिता ज्ञानचंद पांडे एवं कृष्णा बघेल उर्फ़ कोंदा पिता सोमसिंग बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों मिलकर ज्यादा पैसे कमाने के उद्देश्य से उक्त स्प्लेंडर बाईक को रात्री में चोरी करने की बात कबूल की। इसके अलावा 8 दिसंबर को ग्राम तीतीरगांव में एक घर के सामने से पैशन प्रो मोटर सायकल सीजी 17 केएच 4366 को, 23 दिसंबर को ग्राम तीतीरगांव में ही एक घर सामने से स्प्लेंडर मोटर सायकल क्रमांक सीजी 17 केपी 0720 को, 3 जनवरी को दिन में पावर हाउस चौक जगदलपुर से स्प्लेंडर मोटर सायकल सीजी 17 केएम 1151 तथा उसी दिन शाम को झंकार टाकीज के पास खड़ी मोटर सायकल पैशन प्रो क्रमांक सीजी 07 एएल 1398 को चोरी करने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की। चोरी की मोटर साईकिलों को आरोपियों ने एफसीआई गोदाम के सामने गोबर मिल के खंडर में छुपा कर रख दिया था।आरोपियों की निशानदेही पर उक्त सभी मोटर सायकलें 21 जनवरी को बरामद कर ली गईं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। इस गिरोह को पकड़ने में निरीक्षक लीलाधर राठौर व दिलबाग सिंग, उप निरीक्षक प्रमोद ठाकुर, लोकेश्वर नाग व उर्मिला साहू, प्रधान आरक्षक सुनील मनहर, अहिलेश नाग, धर्मेंद्र कंवर, दिनेश जशकर व खेदू ठाकुर और आरक्षक युवराज, परमानंद भोयर, होरीलाल आर्मो, सोनू गौतम, हेमचंद, प्रदीप, कृष्णा, महेंद्र पटेल, राजू दयाल, महंगू राम, अमर सिंह, तरुण यादव, धनेश्वर यादव का योगदान रहा।
