*अर्जुन झा*
*बकावंड।* बस्तर जिले के शिक्षा जगत में उस वक्त एक प्रेरणादायक क्षण देखने को मिला जब जिले के प्रख्यात शिक्षक, शिक्षाविद एवं लेखक राहुल कुमार पांडेय ने अपनी लिखी पुस्तक “जीवन का रहस्यमय समीकरण: गणित से सीखें सफलता, संतुलन और प्रगति के सूत्र” बस्तर के जिला शिक्षा अधिकारी बलीराम बघेल को भेंट की। डीईओ श्री बघेल ने राहुल पाण्डेय को प्रोत्साहित करते हुए कहा- आप जैसे शिक्षक ही बस्तर में शिक्षा को नई उड़ान दे सकते हैं, बच्चों को उत्कृष्ट ज्ञानर्जन कराने में साहनीय भूमिका निभा सकते हैं।
शिक्षक राहुल कुमार पाण्डेय की यह पुस्तक केवल गणितीय सूत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि गणित को जीवन से जोड़ते हुए सफलता, संतुलन, अनुशासन और निरंतर प्रगति के व्यावहारिक सूत्रों को सरल भाषा में प्रस्तुत करती है। पुस्तक में यह दर्शाया गया है कि किस प्रकार गणितीय सोच व्यक्तिगत और व्यवसायिक जीवन को दिशा दे सकती है। पुस्तक भेंट के अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी बलीराम बघेल ने राहुल पाण्डेय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि
“इस प्रकार के नवाचारपूर्ण शैक्षिक साहित्य शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। गणित जैसे विषय को जीवन-दर्शन से जोड़ना एक प्रशंसनीय प्रयास है।व्याख्याता राहुल कुमार पांडेय का यह कार्य न केवल उनके शैक्षिक चिंतन, सृजनात्मक दृष्टि और लेखन क्षमता को दर्शाता है, बल्कि बस्तर जिले में शिक्षा को नए आयाम देने की उनकी सतत प्रतिबद्धता को भी उजागर करता है। इस अवसर पर यह स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ कि बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी बलीराम बघेल ऐसे शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हैं, जो शिक्षा को कक्षा से आगे जीवन से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। डीईओ श्री बघेल के ऐसे प्रोत्साहन से सृजनशील शिक्षकों का मनोबल बढ़ रहा है और बच्चों को और भी बेहतर शिक्षा देने लगे हैं।
