रायपुर, 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नररैया तालाब परिसर में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। तालाब किनारे एक पेड़ से महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसे देख सुबह की सैर पर निकले लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच जब लोग तालाब के पास बने गार्डन में टहल रहे थे, तब उनकी नजर पेड़ की ओर गई, जहां महिला का शव लटका हुआ दिखाई दिया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया।
पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, महिला के पास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन, पर्स या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आत्महत्या और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत—दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि महिला पहचान छिपाने के इरादे से बिना दस्तावेज के वहां पहुंची हो सकती है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए राजधानी रायपुर के सभी थानों में बीते 48 घंटों के भीतर दर्ज हुई महिलाओं की गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। इसके अलावा नररैया तालाब परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला वहां अकेली आई थी या किसी अन्य व्यक्ति के साथ।
फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से जांच में जुटी हुई है। शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है।
