कुशीनगर | 23 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुदही नगर में एक पारिवारिक विवाद ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब चंडीगढ़ में मजदूरी कर रहा एक युवक अचानक तड़के अपने घर पहुंच गया। घर का दरवाजा खुलते ही वह दृश्य सामने आया, जिसने पूरे परिवार और मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया।
बताया जाता है कि युवक की पत्नी घर के भीतर एक अन्य युवक के साथ मौजूद थी। पति के अचानक आने से दोनों घबरा गए। जब पति ने युवक से सवाल-जवाब करने की कोशिश की, तो पत्नी बीच में आ गई, जिससे विवाद बढ़ गया और शोर-शराबा शुरू हो गया।
ग्रामीणों ने रोका, पुलिस को दी गई सूचना
हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को पकड़ लिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख ग्रामीणों ने तत्काल विशुनपुरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में युवक की पहचान सौम्य वीर कश्यप के रूप में हुई, जो शाहजहांपुर जिले का रहने वाला बताया गया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुआ संपर्क
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और युवक के बीच करीब एक साल से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क था। महिला दो छोटे बच्चों की मां है, जिनकी उम्र लगभग दो और तीन वर्ष बताई जा रही है।
पहले भी घर आ चुका था युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी उक्त युवक महिला के घर आ चुका था। उस समय महिला ने पति को रिश्तेदार बताकर बात टाल दी थी। पति दोबारा काम के सिलसिले में बाहर चला गया, जबकि घर में उसके बुजुर्ग माता-पिता रहते हैं, जिनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है।
मायके पक्ष के समझाने पर भी अड़ी रही महिला
पुलिस ने महिला के मायके वालों को थाने बुलाया। परिजनों द्वारा समझाने के बावजूद महिला अपने फैसले पर अडिग रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।
