रायपुर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रेंज साइबर थाना रायपुर को बड़ी सफलता मिली है। शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा और ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के 11 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलग–अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में पीड़ितों से शेयर ट्रेडिंग व ऑनलाइन जॉब का लालच देकर भारी रकम ठगी गई थी।
थाना राखी में माया तिवारी पटेल से 89 लाख रुपये,
थाना आमानाका में जयंत चंद्राकर से 26 लाख रुपये,
थाना तेलीबांधा में सत्येंद्र श्रीवास्तव से 32 लाख रुपये,
थाना विधानसभा में कपिल दासवानी से ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर 15 लाख रुपये,
तथा रेंज साइबर थाना में राहुल सिंह से 18 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
इन सभी मामलों में धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं संबंधित प्रकरणों में आईटी एक्ट की धारा 66(ष्ठ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। तकनीकी विश्लेषण के दौरान बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और वीडियो फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तार आरोपी व उनकी भूमिका:
ओंकार बंगारी (पुणे, महाराष्ट्र) – ठगी की रकम को विभिन्न लेयर के बैंक खातों से आगे पहुंचाना (11 प्रकरण दर्ज)।
पवन बुरकुल (जालना, महाराष्ट्र) – कमीशन पर फर्जी बैंक खाते खुलवाना (6 प्रकरण)।
रितेश बारहटे (नाशिक, महाराष्ट्र) – फर्जी कंपनियों के खातों से रकम घुमाना (17 प्रकरण)।
साहिल महले (नाशिक, महाराष्ट्र) – कमीशन पर बैंक खाते खुलवाना (5 प्रकरण)।
युवराज आठवले (सोलापुर, महाराष्ट्र) – फर्जी प्रमोशनल मैसेज भेजना।
राजू शर्मा (कुशीनगर, उत्तरप्रदेश) – यूट्यूबर, सोशल मीडिया पर प्रमोशनल वीडियो के जरिए ठगी को बढ़ावा देना।
आकाश बरनवाल (लखनऊ, उत्तरप्रदेश) – कमीशन लेकर फर्जी बैंक खातों की व्यवस्था करना।
किशोर कुमार डोंतामाला (हैदराबाद, तेलंगाना) – फर्जी कंपनी खातों से रकम ट्रांसफर करना (9 प्रकरण)।
आनंद बड़ोनिया (ग्वालियर, मध्यप्रदेश) – शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करना (14 प्रकरण)।
भवानी सिंह राजपूत (अजमेर, राजस्थान) – कमीशन बेसिस पर फर्जी बैंक खाते खुलवाना (4 प्रकरण)।
भागीरथी महतो (सुंदरगढ़, ओडिशा) – गिरोह के लिए बैंकिंग व तकनीकी सहयोग।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा ठगी की रकम की रिकवरी और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने आम नागरिकों से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग या ऑनलाइन जॉब के नाम पर मिलने वाले लालच से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर थाना या हेल्पलाइन पर सूचना दें।
