बिलासपुर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रहार अभियान के तहत बेलगहना चौकी पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े 6 लाख रुपये कीमत का 13 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीदी-बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में 22 जनवरी 2026 को बेलगहना चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोटा की ओर से कुछ लोग मोटरसायकल से गांजा का परिवहन कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बेलगहना-कोटा मार्ग पर ग्राम पंडरापथरा के पास घेराबंदी कर दो मोटरसायकलों पर सवार तीन पुरुष और एक महिला को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 13 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई। गिरफ्तार आरोपियों में गजेन्द्र कुमार खत्री, नीरज उर्फ मोंटू, मंगलू राम साहू एवं सरस्वती साहू शामिल हैं। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसायकल, चार मोबाइल फोन तथा नकद 1750 रुपये भी जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 8 लाख 41 हजार 250 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी गजेन्द्र कुमार खत्री ने गांजा उड़ीसा के बलांगिर से लाकर अपने साथियों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करने की बात स्वीकार की है। पुलिस द्वारा मामले की गहन विवेचना की जा रही है और अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
