कोरबा, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल से लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस संगठित चोरी में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दस अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त एक टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन एवं नकद राशि बरामद की है। इसके साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग भी जब्त की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 17 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल में लगी लोहे की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया है। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल एवं चौकी सीएसईबी पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और सतत पतासाजी के आधार पर कुल 15 आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने लोचन केवट, जयसिंह राजपूत, मोती प्रजापति, सुमित साहू और केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिच्चर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने गैस कटर से पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करना स्वीकार किया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की खोजबीन लगातार की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
