बिलासपुर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले की मस्तूरी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला एवं बच्चों से संबंधित अश्लील फोटो-वीडियो अपलोड व प्रसारित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67-बी तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 14 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा साइबर टीप लाईन पोर्टल पर प्राप्त महिलाओं व बच्चों के शोषण से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना सरकण्डा क्षेत्र अंतर्गत साइबर टीप लाईन से प्राप्त एक शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मोबाइल टावर लोकेशन, आईपी एड्रेस एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अभय कैवर्त द्वारा अपने मोबाइल फोन का उपयोग कर महिला एवं बच्चों से संबंधित अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड व प्रसारित किए जा रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बिलासपुर मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी मस्तूरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी अभय कैवर्त को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया।
पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को विधिवत जप्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं व बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री का प्रसारण एक गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। साइबर अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
