दुर्ग, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आम लोगों में भय का माहौल बनाने का आरोप है, जिस पर उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जनवरी 2026 को टाउन भ्रमण के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अंडरब्रिज के पास बांके कबाड़ी दुकान के सामने एक युवक धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां एक युवक को हाथ में चाकू लेकर लोगों को भयभीत करते हुए पाया। पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम करण कन्नौजे (21 वर्ष), पिता स्व. मोहन कन्नौजे, निवासी वार्ड क्रमांक 57, अटल आवास उरला, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक प्रतिबंधित धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 व 27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मोहन नगर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश मिला है।
